दिल्ली में ऐतिहासिक हार का सामना कर रही भाजपा अनुचित तरीकों का सहारा ले रही: मुख्यमंत्री आतिशी

0
87

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हताशा में अनुचित तरीके अपनाने का आरोप लगाया और दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की ‘ऐतिहासिक हार’ होगी। यहां संवाददाता सम्मेलन में, आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा जनादेश अपने पक्ष में करने के लिए जानबूझकर कर दिल्ली की जलापूर्ति बाधित कर रही है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में ऐतिहासिक हार की ओर बढ़ रही है। अपनी घबराहट में वह पानी की आपूर्ति रोकने जैसे हथकंडे अपना रही है।

हरियाणा औद्योगिक कचरे को इरादतन यमुना नदी में बहा रहा है, ताकि दिल्ली के लोगों को नुकसान पहुंचाया जा सके और चुनाव परिणाम को गलत तरीके से प्रभावित किया जा सके।’ मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि यमुना के पानी में अमोनिया की मौजूदगी 7.2 पीपीएम तक बढ़ गई है, जो अभूतपूर्व स्तर है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रदूषण के कारण दिल्ली में जल शोधन संयंत्रों के संचालन में बाधा उत्पन्न हुई है, जिससे संकट और बढ़ गया है। इस बीच, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘लोगों को प्यासा मारने से बड़ा कोई पाप नहीं है। अपनी गंदी राजनीति के लिए, भाजपा दिल्ली के लोगों को प्यासा मारना चाहती है।

हरियाणा से भाजपा कार्यकर्ता पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर यह पानी दिल्ली वासियों ने पी लिया तो कई लोगों की जान चली जाएगी। क्या इस से घिनौना काम कोई हो सकता है? जो जहर पानी में मिलाकर भेजा जा रहा है, वह जल शोधन संयंत्र में भी साफ नहीं हो सकता। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए कई इलाकों में पानी बंद करना पड़ रहा है।’ केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) चाहती है कि नागरिकों को यथासंभव कम परेशानी हो, जबकि भाजपा से जुड़े लोग दिल्ली के लोगों की ‘सामूहिक हत्या” करना चाहते हैं, ‘लेकिन हम ऐसा कतई नहीं होने देंगे।’ आतिशी ने कहा, ‘मैंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मिलकर, निर्वाचन आयोग के साथ तत्काल बैठक की मांग की है ताकि उनके समक्ष इन मुद्दों को रखा जा सके।’ उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली को ”जहरीला पानी” आपूर्ति कर भाजपा जनता के स्वास्थ्य को खतरे में डाल रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव पांच फरवरी को होने हैं और मतगणना आठ फरवरी को होगी।