कानपुर। वक्फ संशोधन विधेयक का भाजपा नीत एनडीए ने समर्थन किया तो दूसरी तरफ इस बिल का कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने विरोध किया। इसी बीच अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले का भी वक्फ बिल को लेकर बयान सामने आया है। उन्होंने वक्फ बिल को पारदर्शिता, जवाबदेही और सामाजिक न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने बिल का समर्थन करते हुए कहा, इस बिल के पास होने और फिर कानून बनने से गरीब मुस्लिमों को लाभ होगा। उन्होंने इसे गरीब मुसलमानों के उत्थान की दिशा में उठाया गया बेहद अहम क्रांतिकारी कदम करार दिया।
संपत्तियों के दुरुपयोग को रोकेगा
भाजपा सांसदसांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा, यह विधेयक केवल एक कानून नहीं, बल्कि एक संकल्प है. हमें वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग को रोकना है। वक्फ में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी है। उन्होंने आगे कहा, वक्फ संपत्तियों के सही इस्तेमाल से करोड़ों की आय होगी, जिसका इस्तेमाल मुस्लिम समाज के विकास और उत्थान में किया जाएगा। भाजपा सांसद ने कहा, वक्फ संपत्तियों पर माफिया का कब्जा है। माफियाओं को ही इस बिल से परेशानी है। उन्होंने आगे कहा, यह नरेंद्र मोदी सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जो सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर आधारित है।
विपक्ष गुमराह कर रहा-भाजपा सांसद
सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने आगे कहा, विपक्षी दलों ने जैसे 3 तलाक कानून, सीएए-एनआरसी को लेकर मुसलमानों को गुमराह किया, ठीक वैसे ही ये लोग इस बिल को लेकर उन्हें गुमराह कर रहे हैं। विपक्षी दल मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक समझते हैं। मगर हमारी सरकार उन्हें विकास और उत्थान के रास्ते पर लाना चाहती है। उन्होंने कहा, ये बिल मुस्लिम महिलाओं और गरीबों को उनका हक दिलाने में भी मदद करेगा। यह संविधान के दायरे में रहकर किया गया एक साहसिक सुधार है, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।