दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बुधवार से बिहार के दौरे पर रहेंगी जहां वह अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान में शामिल होंगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रेखा गुप्ता बृहस्पतिवार और शुक्रवार को पांच विधानसभा क्षेत्रों – बोचहां (मुजफ्फरपुर), दानापुर (पटना ग्रामीण), पटना साहिब (पटना), मधुबन और दिनारा(रोहतास) में प्रचार करेंगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित 14 राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पिछले दिनों उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा सहित पार्टी के कुछ उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल किए जाने के दौरान बिहार में थीं।
दिल्ली में भाजपा नेताओं ने बताया कि बिहार में दो चरणों में होने वाले चुनाव के लिए मुख्यमंत्री आगामी सप्ताहों में भी व्यापक प्रचार करेंगी। भाजपा नेताओं के अनुसार, राज्य की महिला मतदाताओं के बीच रेखा गुप्ता का खासा प्रभाव माना जा रहा है। बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में -छह नवंबर को पहला और 11 नवंबर को दूसरा- मतदान होंगे जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। रेखा गुप्ता को फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई थी।

