महापौर आप का होगा, भाजपा मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी: आदेश गुप्ता

30
233

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के प्रमुख आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) का महापौर आम आदमी पार्टी (आप) से बनेगा और उनकी पार्टी ‘मजबूत विपक्ष’ की भूमिका निभाएगी। इसी के साथ उन्होंने भाजपा की ओर से महापौर पद पर दावा करने की अटकलों पर विराम लगा दिया। गुप्ता ने कहा कि अगर ‘आप’ एमसीडी में भ्रष्टाचार में लिप्त होती है भाजपा के पार्षद उसका विरोध करेंगे और विपक्ष के रूप में शहर के लोगों के लिए काम करेंगे। भाजपा के कई नेताओं ने पहले संकेत दिया था कि निगम चुनाव हारने के बावजूद पार्टी महापौर पद पर दावा कर सकती है।

भाजपा की आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने बुधवार को ट्वीट किया था, अब बारी दिल्ली के महापौर के चुनाव की। यह सब इस बात पर निर्भर करेगा कि करीबी मुकाबले में कौन संख्या रखता है, मनोनीत पार्षद किस तरह से मतदान करते हैं आदि। उदाहरण के लिए, चंडीगढ़ में भाजपा का महापौर है। मनजिंदर सिंह सिरसा और तजिंदर पाल बग्गा सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने भी इसी तरह के संकेत दिए थे जिससे अटकलों को बल मिला। इसे चंडीगढ़ के उदाहरण से और बल मिला, जहां इस साल की शुरुआत में ‘आप’ नगर निकाय चुनावों में 35 में से 14 वार्ड जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, लेकिन भाजपा ने महापौर का पद हासिल कर लिया था। हालांकि गुप्ता ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।

गुप्ता से पूछा गया कि क्या भाजपा महापौर के पद का चुनाव लड़ेगी तो उन्होंने पीटीआई भाषा से कहा, आप’ को लोगों का जनादेश मिला है, इसलिए वे अपना महापौर बना सकते हैं। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। एमसीडी के महापौर का चुनाव सदन के सभी 250 पार्षदों, शहर के सात लोकसभा और तीन राज्यसभा सदस्य और दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष की ओर से नामित 14 विधायकों द्वारा किया जाता है। चार दिसंबर को हुए एमसीडी चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए। इसमें आम आदमी पार्टी (आप) ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।

‘आप’ ने दिल्ली नगर निगम के 250 में से 134 वार्ड में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा ने 104 सीट पर जीत दर्ज की। कांग्रेस ने नौ और निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन वार्ड में जीत हासिल की। पार्टी के प्रदेश प्रमुख ने निगम चुनावों में 104 वार्ड जीतने में मदद करने के लिए भाजपा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा, भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी ‘आप’ से दिल्ली को बचाने के लिए हम मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी लगभग 30-35 वार्ड मामूली अंतर से हारी और कांग्रेस पर ‘आप’ के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया। गुप्ता ने आरोप लगाया, कांग्रेस ने ‘आप’ के सामने पूरी तरह से आत्मसमर्पण कर दिया और एक ‘दोस्ताना मैच’ खेला। उन्होंने ‘आप’ की मदद कर सकने वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारा।

30 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here