दिल्ली में कार से चार किलोमीटर घसीटे जाने के बाद महिला की मौत, पांच गिरफ्तार

0
132

बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक चौंकाने वाली घटना में 20 वर्षीय महिला की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और उसके नग्न शव को करीब चार किलोमीटर तक घसीटते ले गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में मारुति बलेनो में यात्रा कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस बीच, महिला का निर्वस्त्र शव और उसके टूटे पैर का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। स्वतंत्र रूप से वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं कर सकती।

फुटेज में यह भी दावा किया गया है कि पीड़िता से बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई, लेकिन पुलिस ने इसे एक दुर्घटना बताया। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने भी मामले में पुलिस को नोटिस जारी किया है। पुलिस के अनुसार कंझावला थाने (रोहिणी जिला) में तड़के तीन बजकर 24 मिनट पर सूचना मिली कि कुतुबगढ़ इलाके की ओर जा रही एक कार से एक शव बंधा हुआ है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पीड़िता का पैर कार के एक पहिये में फंस गया और उसे करीब चार किलोमीटर तक घसीटा गया।

मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (तेजी से गाड़ी चलाना) और 304-ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दीपक खन्ना (26), अमित खन्ना (25), कृष्ण (27), मिथुन (26) और मनोज मित्तल को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया, ”दीपक एक ड्राइवर है, अमित उत्तम नगर में एसबीआई कार्ड का काम करता है, कृष्ण कनॉट प्लेस में काम करता है, मिथुन नारायणा में हेयर ड्रेसर का काम करता है और मित्तल सुल्तानपुरी में एक निजी फूड डिलीवरी कंपनी के प्रतिनिधि के तौर पर काम करता है।

सूत्रों ने बताया कि आरोपियों को नहीं पता था कि युवती का शव उनकी कार के साथ खिंचा चला जा रहा है। उन्होंने बताया, बाद में जब उन्हें इसका पता चला तो वे डर गए और शव को कार से हटाने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने कहा कि कार चालक शराब के नशे में था या नहीं, इसकी जांच के लिए उसके खून के नमूने को संरक्षित कर लिया गया है। सूत्रों ने बताया कि पीड़िता विवाह एवं अन्य कार्यों में पार्ट टाइम काम करती थी। उन्होंने बताया कि जब यह घटना हुई, तब वह ऐसे ही एक समारोह से घर लौट रही थी। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि उन्होंने घटना के संबंध में दिल्ली पुलिस को समन जारी किया है। मालीवाल ने ट्वीट किया, दिल्ली की सड़कों पर एक लड़की को नशे में धुत लड़कों ने अपनी गाड़ी से कई किलोमीटर तक घसीटा। उसका शव निर्वस्त्र अवस्था में सड़क पर मिला। ये बेहद भयानक मामला है। दिल्ली पुलिस को हाज़िरी समन जारी कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया, ”क्या सुरक्षा व्यवस्था थी न्यू ईयर के मौक़े पे? इस बीच, पुलिस ने इसे बलात्कार की घटना बताने वाली खबरों को झूठा करार दिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ”मामले को बलात्कार और हत्या की घटना बताने वाली झूठी और फर्जी खबरें प्रसारित हो रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here