कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत मामले में प्रदर्शन को लेकर एक्शन, पार्टी विधायक और दिग्विजय के खिलाफ मामला दर्ज

39
208

छतरपुर। मध्य प्रदेश। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, पार्टी विधायक विक्रम सिंह नाती राजा और अन्य पर मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक कार्यकर्ता की मौत पर भाजपा उम्मीदवार की गिरफ्तारी की मांग करते हुए बिना अनुमति के धरना देने के बाद मंगलवार को आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन के लिए मामला दर्ज किया गया है। राज्य में 17 नवंबर को जब विधानसभा चुनाव हुए थे, तब छतरपुर जिले के राजनगर निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के दौरान सलमान खान नाम के कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत हो गई थी। घटना के बाद राजनगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी अरविंद पटेरिया की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिग्विजय सिंह और नाती राजा ने अपने समर्थकों के साथ 18-19 नवंबर को खजुराहो थाने के बाहर तंबू लगाकर धरना दिया था। कांग्रेस नेताओं ने पटेरिया पर खान की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है, हालांकि पटेरिया ने इस आरोप से इनकार किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विक्रम सिंह ने छतरपुर के अतिरिक्त कलेक्टर द्वारा प्रस्तुत एक रिपोर्ट के आधार पर कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मंगलवार को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में दिग्विजय सिंह, मौजूदा विधायक और राजनगर से कांग्रेस उम्मीदवार नाती राजा तथा 60-70 अन्य लोगों का नाम शामिल है। भाजपा के छतरपुर जिला अध्यक्ष मलखान सिंह ने पूर्व में जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें बताया गया था कि दिग्विजय और अन्य कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों से अनुमति लिए बिना धरना दिया, इस प्रकार चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन हुआ।

प्राथमिकी के अनुसार, ज्ञापन पर कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त कलेक्टर ने पुलिस को एक रिपोर्ट भेजी जिसमें कहा गया कि विपक्षी दल के नेताओं और उनके समर्थकों के विरोध प्रदर्शन के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा कोई अनुमति नहीं दी गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की मौत के बाद पुलिस ने 17 नवंबर को हत्या के आरोप में पटेरिया और 20 भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद सत्ता पक्ष ने पुलिस पर कांग्रेस के प्रभाव में भाजपा के खिलाफ पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने 19 नवंबर को भाजपा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार नाती राजा के खिलाफ हत्या के प्रयास, दंगा और आईपीसी की अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत एक अलग मामला दर्ज किया। यह आरोप लगाया गया था कि झड़प के दौरान नाती राजा ने पटेरिया पर लाठियों और हथियार से हमला किया, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता खान की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, खान की मौत एक वाहन से कुचले जाने के बाद हुई। भाजपा ने नाती राजा पर चुनाव में लाभ पाने के लिए खान की हत्या कराने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, कांग्रेस उम्मीदवार ने खान की मौत के लिए पटेरिया को जिम्मेदार बताया है।

39 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here