भाजपा, आरएसएस दिल्ली से पूरे देश पर शासन का करते हैं समर्थन : राहुल गांधी

0
81

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) दिल्ली से ही पूरे देश पर शासन के विचार का समर्थन करते हैं, जबकि कांग्रेस स्थानीय शासन का समर्थन करती है और सभी राज्यों एवं क्षेत्रों को समान महत्व देती है। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के असम में प्रवेश करने के दूसरे दिन लखीमपुर जिले के गोगामुख में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि उनकी पार्टी राज्यों पर दिल्ली से शासन किये जाने का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा, ”भाजपा और आरएसएस का मानना है कि हिन्दुस्तान पर एक भाषा और एक नेता के जरिये दिल्ली से शासन चलाया जाना चाहिए। लेकिन हम इससे असहमत हैं। असम पर शासन दिल्ली से नहीं, बल्कि असम से चलाया जाना चाहिए। राहुल ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस सभी राज्यों को समान महत्व देती है और इसी कारण उन्होंने पूर्व के मणिपुर से पश्चिम में मुंबई तक की यह यात्रा शुरू की है।

उन्होंने कहा, ”हमने मणिपुर को चुना क्योंकि हम प्रत्येक व्यक्ति को यह संदेश देना चाहते थे कि पूर्वोत्तर राज्य भी अन्य राज्यों की तरह ही महत्वपूर्ण हैं। उनके इतिहास, भाषा और संस्कृति को संरक्षित करना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना किसी अन्य स्थान का। उन्होंने पिछले साल मई से लगातार जातीय हिंसा से मणिपुर के प्रभावित रहने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राज्य का दौरा नहीं करने को लेकर उन पर तंज कसा। कांग्रेस नेता ने दावा किया, भारत के इतिहास में पहली बार, राज्य में गृह युद्ध जैसी स्थिति है…लेकिन प्रधानमंत्री ने एक बार भी राज्य का दौरा नहीं किया। वह वहां नहीं जा सकते क्योंकि इससे भाजपा की राजनीतिक हकीकत सामने आ जाएगी। राहुल ने लगातार दूसरे दिन (असम के मुख्यमंत्री) हिमंत विश्व शर्मा की आलोचना की और उन्हें देश में ‘सबसे भ्रष्ट’ मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा, ”असम के मुख्यमंत्री इतने भ्रष्ट हैं कि वह भाजपा शासित अन्य राज्यों के अपने समकक्षों को भ्रष्टाचार करना सिखा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं ने उनके साथ हुई बातचीत के दौरान अफसोस जताया कि अच्छी-खासी शिक्षा हासिल करने के बावजूद रोजगार के अवसरों का अभाव है। बेरोजगारी के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए राहुल ने कहा, ”सरकार सिर्फ 2-3 करोड़पतियों के लिए काम करती है। दिल्ली में, अडाणी जी के लिए काम करती है और असम में तो उसकी भी जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री का परिवार यहां सारे भ्रष्टाचार करने के लिए है। मुख्यमंत्री ने सभी को सिखाया है कि यह कैसे करना है। राहुल ने दिन की अपनी यात्रा गोगामुख में संपन्न की। अगले दिन यात्रा सीमावर्ती राज्य अरूणाचल प्रदेश जाएगी और रविवार को असम लौटेगी। असम में यात्रा के दूसरे दिन की शुरूआत जोरहाट जिले में निमतीघाट से ब्रह्मपुत्र नदी की नौका यात्रा कर माजुली जिला पहुंचने के साथ हुई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here