MCD Chunav 2022: दिल्ली वालों के लिए 100 दिन में सभी सेवाएं होंगी ऑनलाइन, भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र

29
209

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनावों के लिए शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) जारी किया, जिसमें सभी सेवाएं ऑनलाइन करने और कचरे का शत-प्रतिशत प्रसंस्करण करना शामिल है। भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख आदेश गुप्ता ने 12 सूत्री घोषणापत्र पढ़ते हुए कहा कि एमसीडी की सभी सेवाओं को 100 दिनों के अंदर एक मोबाइल ऐप के जरिये ऑनलाइन किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ”हरित व स्वच्छ दिल्ली के लिए शत प्रतिशत कचरे का इस्तेमाल कर ऊर्जा उत्पादन किया जाएगा। हर झुग्गीवासी को फ्लैट (आवास) मुहैया कराया जाएगा और 17,000 फ्लैट आवंटन के लिए बन कर तैयार हैं। भाजपा व्यापार और स्वास्थ्य लाइसेंस से भी निजात दिलाएगी और फैक्टरी लाइसेंस खत्म कर देगी। गुप्ता ने यह भी ऐलान किया कि शहर में महिलाओं द्वारा संचालित 50 जन रसोई खोली जाएगी, जहां पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा, एमसीडी स्कूलों में मेधावी छात्राओं को मुफ्त साइकिल उपलब्ध करायी जाएगी और इस तरह के सभी स्कूलों को 2027 तक स्मार्ट स्कूल के रूप में उत्क्रमित(अपग्रेडेड) किया जाएगा। भाजपा ने नगर निकाय चुनावों के बाद सत्ता में आने पर एमसीडी के उद्यानों में 1,000 स्थायी ‘छठ’ घाट का निर्माण कराने का भी वादा किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दिल्ली एक महत्वपूर्ण शहर है, लेकिन आप सरकार के भ्रष्टाचार ने देश में नेताओं की छवि दागदार कर दी है।

उन्होंने कहा, आप सरकार एमसीडी चुनाव में टिकट बेचने, जेल में बंद अपने मंत्री की मालिश और आबकारी नीति में अनियमितताओं पर जवाब देने में नाकाम रही है। मंत्री ने आप पर एमसीडी को उसके वाजिब कोष से वंचित करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार की उपलब्धियां प्रचार व विज्ञापन के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी बेनकाब हो गई है और उसके द्वारा विश्वासघात किये गये लोगों को अब गुमराह नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दिल्ली वासी एमसीडी चुनावों में भाजपा का समर्थन करेंगे। नगर निकाय चुनाव चार दिसंबर को होने हैं, जबकि मतगणना सात दिसंबर को होगी।

29 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here