भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने की सीएम योगी से मुलाकात, क्षेत्र के विकास समेत इन मुद्दों पर हुई बात

0
8

कानपुर जिले की अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। भाजपा सांसद भोले के साथ पूर्व विधायक आर.पी कुशवाहा भी थे। दोनों नेताओं की काफी देर तक मुख्यमंत्री योगी के साथ बातचीत हुई। इस मुलाकात की जानकारी जहां भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने अपने सोशल मीडिया के जरिए दी तो वहीं खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऑफिस की तरफ से भी इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया X पर दी गई।

मुख्यमंत्री योगी से अपनी मुलाकात पर भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा की। भाजपा सांसद ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय-समय पर मुलाकात होती रहती हैं। मुख्यमंत्री लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए गंभीर रहे हैं और विकास कार्यों को लेकर अपना पूर्ण समर्थन और सहायता देते रहे हैं। अकबरपुर समेत इस क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री सदैव तत्पर हैं। भाजपा सांसद ने आगे कहा, मुलाकात के दौरान राजनीतिक विषयों पर भी गंभीर चर्चा की गई। आने वाले विधानसभा उपचुनाव का भी जिक्र आया और विपक्षी दलों द्वारा की जा रही विभाजनकारी राजनीति पर भी चिंता व्यक्त की गई।

विपक्ष सत्ता के लिए विभाजनकारी राजनीति कर रहा- भाजपा सांसद

इस दौरान भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर हमला भी किया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस जिस तरह की राजनीति कर रही है, वह समाज और राष्ट्र के लिए बेहद खतरनाक है। सत्ता के लिए विभाजनकारी और समाज में फूट डालने की राजनीति की जा रही है। भाजपा सांसद ने कहा, आरक्षण को लेकर कांग्रेस ने देश और समाज में भ्रम पैदा किया। मगर लोकसभा चुनाव होते ही आरक्षण को लेकर कांग्रेस की सोच फिर सामने आ गई। राहुल गांधी का अमेरिका में दिया गया आरक्षण खत्म करने को लेकर बयान, कांग्रेस की उसी पुरानी सोच का हिस्सा है, जिसको लेकर कांग्रेस ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का भी अपमान किया था। भाजपा सांसद ने कहा कि देश और समाज कांग्रेस की राजनीति को देख और समझ रहा है. जहां भाजपा विकास की राजनीति कर रही है तो वहीं कांग्रेस विभाजनकारी राजनीति कर रही है। ये विकास की राजनीति और विभाजनकारी राजनीति में से किसी एक को चुनने का समय है।