सरकार सभी को उन्नत चिकित्सा सेवा सुलभ कराने के लिए कड़ी मेहनत कर रही: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

0
6

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है कि राष्ट्रीय राजधानी के सभी निवासियों के साथ-साथ देश भर के लोगों को उन्नत चिकित्सा सेवाएं सुलभ हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य शहर को एक प्रमुख स्वास्थ्य सेवा केंद्र बनाना है। उन्होंने यह बात राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं के लिए समर्पित पहले कैंसर देखभाल केंद्र ‘अपोलो एथेना’ का उद्घाटन करते हुए कही। गुप्ता ने कहा कि इस केंद्र का उद्देश्य व्यापक और सम्मानजनक चिकित्सा सेवा प्रदान करना है, जिससे महिलाओं को सम्मानजनक और सहायक वातावरण में विशेष उपचार प्राप्त हो।

महिलाओं के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए सुलभ, सस्ती और सम्मानजनक चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ”प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उन्नत चिकित्सा सेवा न केवल राजधानी के निवासियों तक, बल्कि देश और दुनिया भर के लोगों तक भी पहुंचे।” गुप्ता ने इस बात पर प्रकाश डाला कि पहले कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित महिलाओं को सामाजिक ‘लांछन’ का सामना करना पड़ता था और वे इलाज कराने में झिझकती थीं। उन्होंने कहा, ”अधिकतर मामलों में उनका इलाज नहीं किया गया और दुख की बात है कि कई महिलाओं की जान चली गई। लेकिन धीरे-धीरे जागरूकता बढ़ी और लोग अस्पतालों में आने लगे। मुझे खुशी है कि अपोलो जैसे संस्थान अब न केवल इलाज, बल्कि व्यक्तिगत देखभाल भी प्रदान करते हैं जिससे हर महिला मरीज की गरिमा बरकरार रहती है।