केजरीवाल की गिरफ्तारी से आम आदमी पार्टी को होगा चुनावी फायदा: आतिशी

0
24

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को फायदा होगा क्योंकि पार्टी को काफी सहानुभूति मिल रही है। आतिशी ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि देश के लोकतांत्रिक इतिहास में ऐसा ”पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा, अच्छी बात यह है कि इससे हमें चुनावी तौर पर फायदा हुआ है। मंत्री ने कहा, केजरीवाल की गिरफ्तारी से पहले लोकसभा चुनाव का नतीजा तय माना जा रहा था क्योंकि लोगों का मानना था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत होगी।

आतिशी ने कहा, लेकिन केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद, हमारे प्रति जनता की सहानुभूति बढ़ी है। केवल एक भावना है कि भाजपा ने अति कर दी है। इसलिए, मुझे लगता है कि इससे हमें चुनावी फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव ‘जनता बनाम भाजपा’ का बन गया है। आतिशी ने कहा, यह चुनाव बहुत अलग तरह का चुनाव होने वाला है। यह अब आप बनाम भाजपा या ‘इंडिया’ गठबंधन बनाम भाजपा का चुनाव नहीं है। केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद, यह जनता बनाम भाजपा चुनाव बन गया है।” ईडी ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को 21 मार्च को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था। बाद में एक अदालत ने केजरीवाल को 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here