उच्च रक्तचाप को जीवनशैली की समस्या बताना विकलांगता पेंशन देने से इनकार का पर्याप्त कारण नहीं: दिल्ली हाईकोर्ट

0
19

दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा है कि उच्च रक्तचाप को केवल जीवनशैली संबंधी स्वास्थ्य समस्या के रूप में वर्णित करना भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के सेवानिवृत्त अधिकारी को विकलांगता पेंशन देने से इनकार करने का पर्याप्त कारण नहीं माना जा सकता। न्यायमूर्ति वी कामेश्वर राव और न्यायमूर्ति मनमीत पीएस अरोड़ा की पीठ ने कहा कि हर व्यक्ति की जीवनशैली अलग-अलग होती है और यह चिकित्सा बोर्ड का दायित्व है कि वह व्यक्ति की विधिवत जांच के बाद अपने निष्कर्षों की उचित वजह बताए। पीठ ने सशस्त्र बल न्यायाधिकरण के उस आदेश को चुनौती देने वाली केंद्र की याचिका को खारिज करते हुए यह आदेश पारित किया, जिसमें कहा गया था कि भारतीय वायुसेना के अधिकारी प्रारंभिक उच्च रक्तचाप के लिए विकलांगता पेंशन के हकदार हैं।

पीठ ने 19 जनवरी को पारित आदेश में कहा, “इस बात पर ध्यान देना महत्वपूर्ण है कि हर व्यक्ति की जीवनशैली अलग होती है। इसलिए, केवल यह कहना कि बीमारी जीवनशैली से संबंधित विकार है, विकलांगता पेंशन देने से इनकार करने का पर्याप्त कारण नहीं हो सकता, जब तक कि चिकित्सा बोर्ड ने संबंधित व्यक्ति की विधिवत जांच और उससे संबंधित जानकारी दर्ज न कर ली हो।” उसने कहा, “हमारा मानना ​​है कि इस मामले के तथ्यों को देखते हुए, न्यायाधिकरण की ओर से निकाले गए निष्कर्ष को गलत नहीं ठहराया जा सकता। याचिका में कोई दम नहीं है, इसलिए इसे खारिज किया जाता है।” अधिकारी अक्टूबर 1981 में वायुसेना में शामिल हुए थे। वह 37 साल, पांच महीने और चार दिन की सेवा पूरी करने के बाद मार्च 2019 में सेवा मुक्त हुए थे। केंद्र ने उच्च रक्तचाप के लिए विकलांगता पेंशन देने का यह कहते हुए विरोध किया था कि अधिकारी को यह समस्या एक शांतिपूर्ण क्षेत्र में तैनाती के दौरान हुई थी, जिसके कारण न तो सैन्य सेवा से संबंधित थे और न ही सैन्य सेवा से बढ़े थे। उसने दलील दी थी कि चिकित्सा बोर्ड की जांच के मुताबिक, अधिकारी का उच्च रक्तचाप “अज्ञात कारण से/जीवनशैली से संबंधित विकार” था।