दिल्ली और मुंबई पहुंचा मॉनसून, राजधानी में आज हो सकती है झमाझम बारिश

40
281

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले दो दिन के भीतर मॉनसून के दिल्ली और मुंबई दोनों में एक ही समय पर पहुंच गया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि धीमी शुरुआत के बाद मॉनसून तेजी से आगे बढ़ा है। रविवार को महाराष्ट्र और दिल्ली तक मॉनसून पहुंच गया है। इसके अलावा कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी मॉनसून दस्तक दे चुका है। आमतौर पर मॉनसून एक जून तक केरल, 11 जून तक मुंबई और 27 जून तक राष्ट्रीय राजधानी तक पहुंच जाता है।

मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को आम तौर पर आकाश में बादल छाए रहने और झमाझम बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी ने कहा कि दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से दो डिग्री अधिक है। दिल्ली में सापेक्षिक आर्द्रता 69 प्रतिशत से 65 प्रतिशत के बीच रही। दिल्ली में रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार, दिल्ली में शनिवार शाम छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 164 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

40 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here