दिल्ली में बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, न्यूनतम तापमान रहा 26.9 डिग्री सेल्सियस

1
104

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई, जिससे गर्मी से लोगों को राहत मिली और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। शहर के कई हिस्सों से जलभराव और यातायात अवरूद्ध होने की भी खबरें मिली हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के दौरान सामान्य है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में सुबह साढे़ आठ बजे तक, पिछले 24 घंटों में 0.6 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 85 प्रतिशत दर्ज की गई।

विभाग ने शनिवार को पूरे दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (लोनी देहात, बहादुरगढ़, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फ़रीदाबाद, मानेसर, बल्लभगढ़) के आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होने और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान व्यक्त किया।विभाग ने रविवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान किया है। इसने यह भी कहा है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

यात्रियों ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर राष्ट्रीय राजधानी में यातायात में पेश आई समस्याएं व्यक्त की। उनमें से एक ने लिखा, उन्हें लगता था कि बेंगलुरु का ट्रैफिक खराब है, लेकिन आज उन्हें एहसास हुआ कि दिल्ली भी उसे कड़ी टक्कर दे रही है। अन्य लोगों ने एक्स पर लिखा कि सूर्य नगर से आनंद विहार और मादीपुर से न्यू मुल्तान नगर तक भारी यातायात था, पूरी तरह से अव्यवस्था थी। शाम करीब पांच बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 87 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here