भाजपा और ‘आप’ विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक

0
8

दिल्ली विधानसभा में सोमवार को सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे पर कैग रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी ‘आप’ विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। तनाव बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मार्शलों को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अनिल झा को “असंसदीय” भाषा का इस्तेमाल करने के लिए सदन से बाहर निकालने का निर्देश दिया। झा ने यह टिप्पणी उस समय की जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अशोक गोयल ‘आप’ शासन में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर पिछली सरकार की आलोचना कर रहे थे। भाजपा विधायक करनैल सिंह ने झा पर सदन में चर्चा की तुलना “रामलीला चल रही है” से कर हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने झा से सदन से माफी मांगने को कहा। सदन में दोनों पक्षों के सदस्यों के एक साथ बोलने के कारण शोर-शराबा जारी रहा, तो गुप्ता ने मार्शलों से झा को बाहर निकालने को कहा।