Home Blog Page 526

Delhi Crime: उत्तरी दिल्ली में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात लुटेरे गिरफ्तार

उत्तरी दिल्ली के वज़ीराबाद इलाके में पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ के बाद लूटपाट के कई मामलों में शामिल दो कुख्यात बदमाशों को उनके दो अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।पुलिस के मुताबिक यह गिरफ्तारी मंगलवार को हुई जब एक गुप्त सूचना के जरिए पुलिस को पता चला कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में डकैती के कई मामलों में शामिल जितेंद्र और नरेश मंडल नामक दो कुख्यात बदमाश कुछ अन्य लोगों के साथ एक कार में वज़ीराबाद आएंगे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने वज़ीराबाद के आरसीसी नाला रोड पर जाल बिछाकर रात करीब 10.40 बजे कुख्यात लुटेरों के संदिग्ध वाहन को रोका। त्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी के मुताबिक जैसे ही पुलिस ने कार को रोकने की कोशिश की, चार लोग बाहर निकल कर भागने लगे और उनमें से एक ने गोली चला दी।

पुलिस उपायुक्त के मुताबिक पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की और जितेंद्र के बाएं पैर में गोली मार दी। कुछ देर की गोलीबारी के बाद चारों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के निवासी जितेंद्र कुमार मौर्य (26), राकेश कुमार मौर्य (29) और रविंद्र (26) और झारखंड के निवासी नरेश कुमार मंडल (27) के रूप में हुई है। इनके पास से दो देशी पिस्तौल, पांच कारतूस, कारतूस का एक खोखा और एक कार बरामद हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जितेंद्र को इलाज के लिए अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लखीमपुर पीड़ितों का सुप्रीम कोर्ट पहुंचना सरकार के लिए शर्मनाक : प्रियंका

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखीमपुर खीरी में गाड़ी से कुचले गए किसानों के परिजनों का न्याय के लिए उच्चतम न्यायालय में गुहार लगाना सरकार के लिए शर्मनाक करार दिया है।

प्रियंका वाड्रा में बुधवार को कहा कि पीड़ित परिजनों को सरकार को खुद न्याय दिलाना चाहिए था, लेकिन सरकार का उनके प्रति गैर जिम्मेदाराना रवैया रहा है जिसके कारण उन्हें न्याय पाने के लिए खुद उच्चतम न्यायालय में गुहार लगानी पड़ रही है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, कितनी शर्मनाक बात है कि लखीमपुर किसान नरसंहार के पीड़ित परिवारों को खुद माननीय उच्चतम न्यायालय में जाकर न्याय की गुहार लगानी पड़ रही है। जिम्मेदारी सरकार की थी, लेकिन भाजपा ने सारी ताकत मंत्री के बेटे को बचाने में लगाई। किसान भाजपा सरकार के इस अन्याय को भूलेंगे नहीं।

नोएडा में बड़ी कार्रवाई, प्रशासन ने सील किए सुपरटेक बिल्डर समूह के छह बैंक खाते

नोएडा। उत्तर प्रदेश में नोएडा जिला प्रशासन ने रेरा का बकाया जमा न करने पर सुपरटेक बिल्डर समूह के छह बैंक खातों को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में हुई। जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि सुपरटेक ग्रुप पर रेरा के तहत करीब दो करोड़ 34 लाख रुपये का बकाया था जिसकी वसूली के लिए आरसी जारी की गई थी।

उन्होंने बताया कि भुगतान नहीं करने पर उपजिलाधिकारी (सदर) अंकित कुमार की टीम ने बिल्डर के छह बैंक खातों को सीज किया है। बैंक अधिकारियों से संबंधित अन्य बैंक खातों के संबंध में भी जानकारी मांगी गई है, जिससे कि उन्हें भी सीज कर बकाया राशि की वसूली की जा सके। वहीं, सुपरटेक समूह जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को गलत ठहरा रहा है। उसका दावा है कि वह बकाया से अधिक की संपत्ति जिला प्रशासन को दे चुका है और जिला प्रशासन द्वारा संपत्ति की ई-नीलामी भी कराई जा रही है तथा ऐसे में बैंक खाते सीज करना गलत है।

कोविड पाबंदियों में राहत देने की तैयारी, दो दिन बाद दिल्ली में खुल सकती हैं बाजार, हट सकता है नाइट कर्फ्यू

दिल्ली को अब कोविड पाबंदियों से राहत मिलने के आसार दिख रहे हैं। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की शुक्रवार को होने वाली बैठक में बाजारों को देर तक खोलने और नाइट कर्फ्यू हटाने पर फैसला लिया जा सकता है। कोविड महामारी के संक्रमण के लिहाज से राजधानी दिल्ली अब ग्रीन जोन में आ गई है। दिल्ली में अब संक्रमण दर एक फीसदी से भी कम है और कोविड संक्रमण की चपेट में आने वाले लोगों में भी बीमारी के गंभीर लक्षण कम दिख रहे हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत भी कम पड़ रही है। जबकि, दिल्ली के बाजारों में अभी भी दुकानों को आठ बजे तक ही खोलने की इजाजत है। जबकि, रेस्टोरेंट आदि में भी पचास फीसदी क्षमता के साथ ही बैठने की इजाजत है।

व्यापारियों व कारोबारियों की ओर से लगातार ही दुकान खोलने का वक्त बढ़ाने की मांग की जा रही है। हाल ही में नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन की ओर से भी उप राज्यपाल और मुख्यमंत्री को इस संबंध में पत्र लिखा गया था। इसमें दुकानो को खोलने का समय आठ बजे से बढ़ाकर दस बजे तक करने की मांग की गई थी। इसके लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों का हवाला भी दिया गया था।

सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को होने वाली दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक में दिल्ली में कोविड संक्रमण की दर पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही कोविड संक्रमण के चलते लगाई गई कुछ पाबंदियों को हटाने पर भी फैसला लिया जा सकता है। हालांकि, कोविड अनुरूप बर्ताव का अनुपालन सुनिश्चित कराने पर अभी भी जो रह सकता है।

Delhi MCD Election 2022: आप नेता का केन्द्रीय मंत्री पर पलटवार, दिल्ली की गंदगी BJP शासित MCD के कामों की सबसे अच्छी रिपोर्ट

दिल्ली में दो महीने बाद होने वाले एमसीडी के चुनाव को लेकर अभी से सियासी सूरमाओं ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने शुरू कर दिए हैं। भाजपा दिल्ली में हुए कामों को गिना रही है तो वहीं आप के नेता एमसीडी की खामियों को गिनाने में लगी है। भाजपा की केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने दिल्ली सरकार और एमसीडी के कामों की तुलना करते हुए एमसीडी के कामों को बेहतर बताने पर आम आदमी पार्टी ने पलटवार किया है। आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी दिल्ली में क्या किया है, उसका नज़ारा तब दिखाई देता है जब आप सड़कों पर घूमते हैं।

आज दिल्ली की सड़कें और नालियां कूड़े से भरी पड़ी हैं। उन्होंने भाजपा सांसद द्वारा एमसीडी स्कूलों को बेहतर कहने को हास्यापद बताया है। दुर्गेश पाठक ने कहा कि मैं उनसे कहना चाहूंगा कि पूरी दिल्ली जानती है कि दिल्ली सरकार स्कूल बेहतर है या एमसीडी के। उन्होंने जो प्रचार और काम करने में अंतर बताया है मैं उनकी बात से सहमत हूं। वाकई भाजपा शासित एमसीडी प्रचार करते वक्त तो जनता से बड़े-बड़े वादे करती है, विकास की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन उनके काम उसके बिल्कुल विपरीत हैं। विकास के नाम पर उन्होंने दिल्ली को गंदा कर रखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने निगम में रहते हुए दिल्ली में क्या किया है, उसका शानदार नज़ारा तब दिखाई देता है जब आप सड़कों पर घूमते हैं। वहीं उनके कामों की असली रिपोर्ट है।

Delhi News: दिल्ली के कई इलाकों में दो दिन बाधित रहेगी जलापूर्ति, जानें वजह

दिल्ली के कई इलाकों में दो दिन पानी की सप्लाई बाधित रहेगी। दिल्ली जल बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक मरम्मत कार्य के चलते 23 और 24 फरवरी को सेक्टर 24 रोहिणी, सेक्टर 11 रोहिणी, एक्सटेंशन सेक्टर 11, रोहिणी, रिठाला गांव, रिठाला दिल्ली जल बोर्ड स्टाफ क्वार्टर में पानी आपूर्ति बाधित रहेगी। लोगों को सलाह है कि वह पानी भरकर रखें। पानी बर्बाद नहीं करें। लोग पानी के टैंकर के लिए केंद्रीय नियंत्रण कक्ष 23527679 और होलंबी 277007899 पर संपर्क कर सकते हैं।

Delhi Weather Update: 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दिल्ली में चल सकती हैं हवाएं, दो-तीन दिनों में छाएंगे बादल

दिल्ली में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से चार डिग्री अधिक था। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से कहा गया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी में 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तर पश्चिमी अफगानिस्तान के ऊपर चक्रवात की स्थिति और उससे दक्षिण पाकिस्तान तथा पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बनी चक्रवात की स्थिति के कारण हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अगले दो-तीन दिन तक आकाश में आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं। दिल्ली में बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 194 दर्ज किया गया।

पीएम मोदी की अपील, मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना करें योगदान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के 59 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं से अपील की है कि वे बुधवार को हो रहे मतदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान दें। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत आज राज्य की नौ जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आज वोटिंग का चौथा दौर है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अपने बहुमूल्य वोट का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान करें। जिन जिलों में आज मतदान हो रहा है, उनमें पीलीभीत, लखीमपुर-खीरी, सीतापुर, लखनऊ, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर और बांदा शामिल हैं।

Delhi MCD Election 2022: पंजाब चुनाव के बाद अब AAP का ध्यान हुआ MCD चुनाव पर केंद्रित, जानिए किस आधार पर दिए जाएंगे टिकट

MCD Election: पंजाब व‍िधानसभा चुनाव संपन्‍न होने के बाद अब आम आदमी पार्टी आगामी द‍िल्‍ली नगर न‍िगम(MCD election 2022) चुनावों को लेकर फोकस करने की तैयारी में है। आम आदमी पार्टी(aam aadmi party) के मुखिया और द‍िल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल(Arvind kejriwal) से लेकर पार्टी के तमाम बड़े नेता काफी समय से पंजाब चुनाव में जुटे हुए थे। लेक‍िन 20 फरवरी को चुनाव संपन्न होने के बाद अब पार्टी निगम चुनावों को लेकर बड़ी तैयारी करने में जुटेगी। पार्टी का अब पूरा फोकस अगले डेढ़ 2 माह तक पूरी तरह से एमसीडी चुनावों (MCD Elections) पर ही रहेगा।

जानकारी के मुताब‍िक एमसीडी की 272 सीटों पर अगले संभवत: अप्रैल माह में चुनाव होने जा रहे हैं। म‍िशन एमसीडी-2022 को लेकर सभी पार्टि‍यां रणनीत‍ि बनाने में जुटी हैं। वहीं आम आदमी पार्टी द‍िल्‍ली में सात साल से सरकार चलाने की वजह से इस बार न‍िगमों पर सत्‍तारूढ़ होने की पूरी कवायद में जुटी है।वर्तमान में जहां तीनों नगर न‍िगमों में भाजपा का कब्‍जा है। वहीं, व‍िपक्ष में आम आदमी पार्टी है। लेक‍िन इस बार आम आदमी पार्टी पूरी तरह से तीनों न‍िगमों पर सत्‍तारूढ़ होने की कोश‍िश में है।

पार्टी अपने पुराने कार्यकर्ताओं को प्रत्‍याशी के रूप में ज्‍यादा से ज्‍यादा प्राथम‍िकता देगी जोक‍ि पहले से उनके साथ जुड़े हुए हैं। लेक‍िन जहां पार्टी कार्यकर्ता मजबूत नहीं होगा, वहां पार्टी दूसरे दलों से आए नेताओं को प्रत्‍याशी बनाए जाने पर पूरा व‍िचार कर सकती है। ले‍क‍िन इस तरह का व‍िचार बहुत कम सीट पर ही हो सकता है।

MCD Election 2022: आप का बड़ा आरोप, वादों को छिपाने के लिए भाजपा ने एमसीडी का घोषणा पत्र हटवाया

आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा (BJP) ने अपने झूठे वादों को छुपाने के लिए 2017 का एमसीडी (MCD) का घोषणा पत्र हर जगह से हटा दिया है। आप के अनुसार भाजपा (BJP) ने वादा किया था कि वह निगम के सारे फंड सीधे केंद्र सरकार से लेगी, लेकिन केंद्र नगर निगम नेताओं के झूठ और भ्रष्टाचार को जानती है, इसलिए पैसा नहीं दिया। आप के अनुसार केंद्र सभी निगमों को प्रति वर्ष 400 रुपये प्रति व्यक्ति देती है, उसके अनुसार पिछले 15 सालों का करीब 25000 करोड़ का फंड दिल्ली नगर निगम का बनता है।

निगम हमेशा फंड नहीं होने का रोना रोती रहती है। जब उनसे सवाल पूछा जाता है कि आपने 2017 में केंद्र से सीधे फंड लेने का वादा किया था, तब वह घोषणा पत्र दिखाने की बात करते हैं। इसलिए आज हम उनकी घोषणा ट्वीट कर रहे हैं और वीडियो भी डाल रहे हैं, जिससे उन्हें अपना वादा याद रहे। आप प्रवक्ता ने बताया भाजपा नेताओं को पता है कि उन्होंने 2017 के चुनाव के दौरान दिल्ली की जनता से झूठ बोला था। उस समय दो झूठ बोले गए, पहला झूठ कि हमने अपने सारे पार्षद बदल दिए, जो काम नहीं कर रहे थे। दूसरा झूठ, एमसीडी के लिए फंड सीधा केंद्र सरकार से लाएंगे, लेकिन इन्हें एक रुपया भी नहीं मिला।