Home Blog Page 534

मध्य दिल्ली में आईटीबीपी के जवान ने खुद को गोली मारकर ली आत्महत्या

नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के तीन मूर्ति भवन में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 31 वर्षीय एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से रविवार को कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कांस्टेबल वाई रेड्डी तड़के पांच बजे मृत पाया गया और उसकी इंसास राइफल उसके पास पड़ी थी। रेड्डी कर्नाटक का रहने वाला था और दो सप्ताह पहले ही 30 दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटा था।

अधिकारियों ने बताया कि कांस्टेबल के बिस्तर से एक कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुर पर उसे मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। जवान का पिछले साल अक्टूबर में विवाह हुआ था। चीन के साथ लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की रक्षा करना आईटीबीपी की मुख्य जिम्मेदारी है। इसके अलावा आईटीबीपी की कई इकाइयों को राष्ट्रीय राजधानी समेत देश के विभिन्न हिस्सों में कानून-व्यवस्था संबंधी ड्यूटी के लिए तैनात किया जाता है।

Delhi Weather Update: दिल्ली में खिली धूप, खुशनुमा हुआ राजधानी का मौसम, जानें तापमान

दिल्ली में रविवार सुबह मौसम खुशनुमा रहा और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। शहर में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 83 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों ने आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और दिन में तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान जताया है।शहर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। शहर में सुबह नौ बजे एक्यूआई 175 दर्ज किया गया। इसके अलावा, पड़ोसी फरीदाबाद (171), गाजियाबाद (185), गुड़गांव (214), नोएडा (143) और ग्रेटर नोएडा (128) का एक्यूआई खराब और मध्यम श्रेणियों के बीच दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ माना जाता है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

समाजवादी पार्टी ने हमेशा अपराधियों और दंगाइयों को संरक्षण दिया: अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने समाजवादी पार्टी (SP) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि सपा ने हमेशा अपराधियों और दंगाइयों को संरक्षण दिया है और उसके नेता अपराधियों पर लगे मुकदमों को हटाने का आश्वासन देते हैं। शनिवार को यहाँ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सोच ‘मुंह में राम, बगल में आतंकवादी’ वाली है। सपा भारत की पहली पार्टी है जिसने 2012 में अपने घोषणा पत्र में कहा था कि अगर उनकी सरकार आती है तो वह मुस्लिम युवाओं पर लगे आतंकवाद के आरोपों को हटा देंगे और उन्हें रिहा कर देंगे।

उन्होंने कहा, सरकार बनने के बाद सपा ने अयोध्या और काशी में आतंकवादी हमला करने वाले आतंकवादियों के खिलाफ सारे मुकदमे वापस ले लिए थे। इसके अलावा लखनऊ, रामपुर समेत अन्य जिलों में हुए आतंकवादी हमलों के आरोपियों को भी इन्होंने बचाया था। ये समाजवादी नहीं समाज विरोधी हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब भी आतंकवाद की बात आती है तो भाजपा ‘जीरो टॉलरेंस’ रखती है। जबकि समाजवादी पार्टी सहयोगवाद का रुख रखती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अहमदाबाद धमाकों के दोषियों के तार सीधे सपा नेताओं से जड़े हैं। न्यायालय के दोषियों को सज़ा देने के आदेश के बाद भी सपा नेताओं और पार्टी की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। केंद्रीय मंत्री ने आगे आरोप लगाया कि सपा ने आजमगढ़ को आतंकियों का गढ़ बना दिया था। तुष्टिकरण की राजनीति के कारण सपा सरकार में आतंकियों को संरक्षण मिलता था। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश की योगी आदत्यिनाथ के नेतृत्व की सरकार ने आतंकवाद और माफ़ियावाद की कमर तोड़ने का काम किया है।

राज्य को अपनी खुद की गलती का फायदा उठाने की अनुमति नहीं दी जा सकती है: सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात हाईकोर्ट के उस आदेश को बरकरार रखा है जिसमें राज्य सरकार को 30 साल से अधिक की सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने वाले व्यक्ति को पेंशन संबंधी लाभों का भुगतान करने का निर्देश दिया गया था। न्यायमूर्ति एम. आर. शाह और न्यायमूर्ति बी. वी. नागरत्ना की पीठ ने कहा कि राज्य को अपनी खुद की गलती का फायदा उठाने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।

पीठ ने कहा, तीस वर्षों तक लगातार सेवाएं लेना और उसके बाद यह दलील देना कि कोई कर्मचारी जिसने 30 वर्षों तक निरंतर सेवा की है, पेंशन के लिए पात्र नहीं होगा, अनुचित रुख के अलावा और कुछ नहीं है। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि एक कल्याणकारी राज्य के रूप में, राज्य को ऐसा रुख नहीं अपनाना चाहिए था। पीठ ने कहा, ”वर्तमान मामले में, उच्च न्यायालय ने राज्य को प्रतिवादी को पेंशन लाभ का भुगतान करने का निर्देश देने में कोई त्रुटि नहीं की है, जो 30 साल से अधिक सेवा प्रदान करने के बाद सेवानिवृत्त हुआ है।

सारे भ्रष्ट लोग आम आदमी पार्टी के खिलाफ एकजुट हो गए हैं : केजरीवाल

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दावा किया कि सभी भ्रष्ट लोग आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ एकजुट हो गए हैं और कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों में 12,430 आधुनिक कक्षाओं के उद्घाटन से ऐसे लोगों को करारा जवाब मिलेगा। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि देश इन भ्रष्ट लोगों के आगे नहीं झुकेगा और आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, देश के सारे भ्रष्टाचारी हमारे खिलाफ इकट्ठे हो गए हैं।

आज हम दिल्ली के स्कूलों में 12,430 अत्याधुनिक क्लासरूम (कक्षाएं) शुरू करके उनको करारा जवाब देंगे। ये देश इन भ्रष्टाचारियों के सामने नहीं झुकेगा। अब देश ने ठान ली है। अब देश आगे बढ़ेगा। बाबा साहिब और भगत सिंह के सपने पूरे होंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व नेता कुमार विश्वास द्वारा केजरीवाल पर पंजाब में अलगाववादियों का समर्थन करने का आरोप लगाने के बाद केजरीवाल भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं। केजरीवाल ने कुमार विश्वास के आरोपों को हास्यास्पद करार दिया है।

दिल्ली में आज 12,430 नए स्मार्ट क्लासरूम की सौगात देंगे सीएम केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 12,430 नए स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन करेंगे। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा देश के सारे भ्रष्टाचारी हमारे ख़िलाफ़ इकट्ठे हो गए हैं। आज हम दल्लिी के स्कूलों में 12,430 अत्याधुनिक क्लासरूम शुरू करके उनको करारा जवाब देंगे। उन्होंने कहा ये देश इन भ्रष्टाचारियों के सामने नहीं झुकेगा। अब देश ने ठान ली है, अब देश आगे बढ़ेगा, बाबा साहिब और भगत सिंह के सपने पूरे होंगे। गौरतलब है कि श्री केजरीवाल 18 फरवरी को पंजाब में चुनाव प्रचार खत्म करके दल्लिी लौटे हैं।

अगले दो दिन दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति रहेगी प्रभावित, जानिये क्या है वजह

आने वाले दो दिनों में नई दिल्ली, पश्चिम दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कई इलाकों में पानी आपूर्ति प्रभावित रहेगी। दरअसल, डीएमआरसी की ओर से प्रशांत विहार में दोनों दिन दिल्ली जल बोर्ड की 1000 एमएम पालम मेन का इंटरकनेक्शन कार्य करेगा।

दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, इस पाइप लाइन से राजधानी के अनेक इलाकों में पेयजल आपूर्ति की जाती है। इस कारण शुक्रवार और शनिवार को इन इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इन इलाकों में एनडीएमसी की कई कालोनी शामिल है। इसके अलावा दिल्ली कैंट, आरकेपुरम, मोती बाग, नानक पुरा, पीरागढ़ी, सागरपुर, पालम एवं द्वारका और उसके आसपास इलाकों में भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

दिल्ली जल बोर्ड ने प्रभावित इलाकों के निवासियों को सुझाव दिया है कि वे दोनों दिन पानी का कम खर्च करें और वे पेयजल की कमी होने पर जल बोर्ड के कंट्रोल रूम से पानी के टैंकर मंगा सकते हैं। जल बोर्ड ने इन इलाकों के लिए पानी के टैंकरों की अलग से व्यवस्था की है।

आम आदमी पार्टी की वार्ड पार्षद गीता रावत पर लगा रिश्वत मांगने का आरोप, CBI ने किया गिरफ्तार

सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टीगेशन ने रिश्वत मांगने के आरोप में पूर्वी दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी की वार्ड पार्षद गीता रावत को एक अन्य व्यक्ति के साथ गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने यह जानकारी दी। आरोपी महिला उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र पटपड़गंज में विनोद नगर से पार्षद है।

सीबीआई ने बताया कि एक व्यक्ति अपनी इमारत की छत को मनचाहे ढंग से बनवाना चाहता था। गीता रावत ने कथित रूप से इसकी मंजूरी देने के लिए उससे 20,000 रुपये की मांग की थी। सूचना मिलने पर एजेंसी ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई मामले की जांच कर रही है।

भाजपा के सामने नहीं झुकने के कारण लालू यादव पर किया जा रहा हमला : प्रियंका गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा की राजनीति के सामने नहीं झुकने के कारण बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लालू प्रसाद को न्याय मिलेगा। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, भाजपा की राजनीति का ये अहम पहलू है कि जो भी उनके सामने झुकता नहीं है, उसको हर तरह से प्रताड़ित किया जाता है।

लालू प्रसाद यादव जी पर इसी राजनीति के चलते हमला किया जा रहा है। मुझे आशा है कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। सीबीआई की विशेष अदालत ने सुबह डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले आरसी 47ए/96 में लालू प्रसाद यादव समेत 41 आरोपियों को मंगलवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत दोषी करार देते हुए जेल भेजने का निर्देश दिया था तथा इनकी सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए अब 21 फरवरी की तिथि निर्धारित की है।

Noida Hadsa: स्पा सेंटर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दो लोगों की जलकर मौत

नोएडा। नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के गिझौड़ गांव स्थित एक कॉम्प्लेक्स में चल रहे स्पा सेंटर में बृहस्पतिवार शाम कथित शार्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। इस हादसे में स्पा सेंटर की प्रबंधक सहित दो लोगों की जलकर मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि गिझौड़ गांव के आशीर्वाद कॉम्प्लेक्स स्थित जकूजी स्पा सेंटर में बृहस्पतिवार शाम छह बजे के आसपास साफ-सफाई के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। उन्होंने बताया कि हादसे में स्पा सेंटर की प्रबंधक राधा चौहान (26) और सेक्टर-135 निवासी अंकुश आनंद (35) की जलकर मौत हो गई। सिंह के मुताबिक, घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।