13 साल से फरार हत्या के आरोपी को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
127

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में लगभग 13 साल पहले एक व्यक्ति की हत्या कर फरार हुए 34 वर्षीय आरोपी को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मामला 2009 में दर्ज किया गया था और संदीप उर्फ रिंकू इस मामले में चौथा आरोपी है, जिसे गिरफ्तार किया गया। तिलक नगर क्षेत्र में नवंबर 2009 में एक व्यक्ति का शव डीडीए बाजार के पास पाया गया था। उस दौरान पुलिस को एक व्यक्ति ने बताया था कि उसे एक ऑटो रिक्शा चालक से पता चला था कि डीडीए बाजार में एक इमारत के पास किसी ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी।

पुलिस को सूचना देने वाले व्यक्ति ने यह भी कहा था कि जब वह मौके पर पहुंचा तो उसे राजा नामक अपने रिश्तेदार का शव मिला। व्यक्ति ने पुलिस को यह भी बताया था कि मृतक की छाती पर एक बड़ा सा पत्थर रखा था और उसके मुंह से खून बह रहा था। पुलिस उपायुक्त (अपराध) विचित्र वीर ने कहा, हत्या का मामला दर्ज किया गया था और जांच के दौरान तीन आरोपियों- सन्नी, राहुल और संजय को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने कहा की चौथा आरोपी संदीप फरार था और उसे 2010 में भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। डीसीपी ने कहा कि पिछले एक साल से मामले के जांच अधिकारी आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गोपनीय सूचना के आधार पर विकास नगर में आधी रात को अभियान चलाया गया और संदीप को गिरफ्तार किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here