Delhi ki taza khabar in hindi: दिल्ली के तीनों नगर निगमों को एक करने की अधिसूचना के बाद अब वार्ड के नए सिरे से परिसीमन प्रक्रिया मई में शुरू हो सकती है। सूत्रों की माने तो मौजूदा तीनों निगमों का कार्यकाल 18 मई 2022 को खत्म हो जाएगा। उसके बाद दिल्ली में नगर निगम वार्ड के परिसीमन पर काम भी शुरू कर दिया जाएगा। बृहस्पतिवार को दिल्ली को अपना नए राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। निगमों का चुनाव कराने के लिए जो तैयारियां चल रही थी उन सभी रोक लगाने का आदेश भी जारी कर दिया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द से जल्द परिसीमन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
Delhi MCD Election: दिल्ली निर्वाचन आयोग ने स्थगित कीं निगम चुनाव की तैयारियां
बताते चले दिल्ली में तीनों निगमों को एक करने की अधिसूचना के बाद दिल्ली में वार्ड की संख्या अधिकतम 250 रखने का प्रावधान किया गया है। वर्तमान में दिल्ली में 272 वार्ड है। वार्डों की संख्या कम करने के लिए इसका नए सिरे से परिसीमन किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों की माने तो अगर अधिकतम 250 वार्ड ही रखने है तो दिल्ली में 80,000 से 1,00,000 की आबादी पर एक वार्ड बनाएं जाने की संभावना है। फिलहाल परिसीमन का आधार क्या क्या होगा, इसे लेकर अभी दिशा निर्देश तय नहीं हुए है। दिल्ली पुराने परिसीमन में एक विधानसभा में चार वार्ड बनाने का प्रावधान था। दिल्ली छावनी बोर्ड के वार्ड को मिला ले तो 70 विधानसभा में कुल 280 वार्ड थे। 272 मौजूदा तीनों नगर निगमों व 8 नई दिल्ली नगर पालिका परिषद व दिल्ली छावनी बोर्ड क्षेत्र में आते थे।