साध्वी से दुष्कर्म के मामले में सुनारिया जेल में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम की 21 दिन की फरलो आज यानी 28 फरवरी को पूरी हो गई। इसके साथ ही उसे आज सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुग्राम डेरे से सुनारिया जेल पहुंचा दिया गया। राम रहीम सुबह करीब 10.15 बजे कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे के रास्ते रोहतक के लिए रवाना हुआ।
लगभग डेढ़ घंटे से ज्यादा की यात्रा कर राम रहीम का काफिला सुबह 11.52 बजे सुनारिया जेल पहुंचा। जब राम रहीम गुरुग्राम डेरे से निकल रहा था तो उस वक्त संयुक्त पुलिस आयुक्त और डीसीपी मौके पर मौजूद थे।
राम रहीम ने 21 दिन का फरलो प्रशासन की ओर से लागू की शर्तों के साथ पूरा किया है। कमिश्नरी की पुलिस की ओर से फर्रुखनगर सीमा तक पीसीआर व थाना प्रभारी को तैनात किया गया है। साथ ही उसके फरलो पूरा होने की सूचना झज्जर व रोहतक पुलिस के साथ पुलिस महानिदेशक को भी भेज दी गई है।